सतना: आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा नशे के अवैध करोबार के विरुद्ध छेड़े गए अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीली दवा बेचने वालीे 2 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 6 हजार की कफ सीरप बरामद कर ली.सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचनाउ के आधार पर पुलिस टीम ने जिगनहट अटरा तिराहे के पास पहुंचकर दबिश दी. इस दौरान हाथ में थैला लिए एक व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने लगा. लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
तलाशी लिए जाने पर थैले में आनरेक्स कफ सीरप की 30 शीशियां बरामद हुईं. पूछताछ किए जाने पर आरोपी की पहचान संजीव उर्फ दादू शुक्ला 42 वर्ष निवासी जिगनहट के तौर पर हुई. इसी कड़ी में आरोपी संजीव ने बताया कि नशे में इस्तेमाल होने वाली यह कफ सीरप उसे उसका दोस्त अमन उर्फ अप्पू उर्मलिया 30 वर्ष निवासी हरदोखर नागौद लाकर देता है. लिहाजा पुलिस ने नशीली दवा देने वाले अमन को भी दबोच लिया. दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई
