
इटारसी। अवैध लकड़ी के परिवहन और संग्रहण पर रोक लगाने के लिए सामान्य वनमंडल की टीम ने इटारसी और सुखतवा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई सीसीएफ अशोक कुमार के दिशा-निर्देशन और डीएफओ मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में एसडीओ मानसिंह मरावी के नेतृत्व में की गई।
वन विभाग की टीम ने कई फर्नीचर दुकानों में अवैध लकड़ी के परिवहन और संग्रहण की जांच की। जुझारपुर (इटारसी वन परिक्षेत्र) स्थित तिवारी फर्नीचर मार्ट में जांच के दौरान दुकान का रिकॉर्ड संधारित नहीं पाया गया, जिसके चलते दुकान को सील कर दिया गया। इसी तरह सुखतवा रेंज के केसला क्षेत्र में सत्यम शिवम् सुंदरम फर्नीचर मार्ट और शिवा फर्नीचर मार्ट में स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक में दर्ज लकड़ी के लेखा-जोखा में भिन्नता पाई गई, जिसके बाद दोनों दुकानों को सील कर दिया गया।
एसडीओ मानसिंह मरावी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वन विभाग की टीम द्वारा फर्नीचर दुकानों का निरीक्षण लगातार जारी है। जहां भी अनियमितताएं पाई जा रही हैं, वहां वैधानिक कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील किया जा रहा है।
