
बांदरी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार की सुबह बांदरी में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई।
मैराथन को नप अध्यक्ष प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ शासकीय सांदीपनी विद्यालय (सीएम राइज ) से प्रारंभ होकर बंडा तिराहा होते हुए श्रीदेव दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में समाप्त हुई। इस दौड़ में बांदरी पुलिस टीआई सुमेर सिंह जगेत, पुलिस कर्मी व जनप्रतिनिधि, स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। देवदक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में टीआई सुमेर सिंह जगेत ने उपस्थित सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे। टीआई सुमेर सिंह जगेत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को एक सूत्र में पिरोया, वही भावना हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की एकता और अखंडता को सशक्त बनाना,युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक एकता की भावना विकसित करना है। रन फॉर यूनिटी मैराथन ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या नागरिक मौजूद रहे।
