ग्वालियर। कारोबारी विपुल गुप्ता ने कहा कि उनका प्लान था कि बॉलीवुड सिंगर को बेटी की शादी में बुलाया जाए. इसके लिए वह 35 लाख रुपये खर्च करने वाले थे लेकिन दोस्तों से बातचीत के बाद उनकी सोच बदल गई. अब वह 11 बेटियों की ठीक उसी तरह शादी कराएंगे, जैसी शादी उनकी बेटी की होगी.
बिजनेसमैन विपुल गुप्ता अपनी बेटी स्नेहा की शादी नवंबर में करने जा रहे हैं. बेटी की शादी में वह मशहूर बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह को बुलाने का प्लान कर रहे थे. इसका बजट 35 लाख रुपये था. उन्होंने अपने दोस्तों को इस बारे में बताया, जहां से उनकी पूरी सोच बदल गई. उन्होंने सिंगर को बुलाने का प्लान कैंसिल किया और अब वह बेटी की शादी वाले दिन 11 बेटियों का धूमधाम से विवाह कराने जा रहे हैं. जैसा स्टेज और मंडप उनकी बेटी के लिए सजेगा, वैसा ही उन 11 बेटियों के लिए भी सजेगा.
कारोबारी विपुल की बेटी और बेटा दोनों अमेरिका में हैं. उनके होने वाले दामाद भी अमेरिका में हैं. बेटी स्नेहा की 21 नवंबर को शादी है. बेटी की शादी के कार्यक्रम में वह मशहूर सिंगर मीका सिंह से संगीत का कार्यक्रम करवाना चाहते थे, जिसमें 35 लाख रुपये का खर्च आ रहा था. जब उनके परिजनों और दोस्तों में उन्हें यह खर्च न करने की सलाह दी, तो उन्होंने 11 बेटियों की शादी का संकल्प ले लिया. अब 21 नवंबर को ग्वालियर में विपुल की बेटी स्नेहा की शादी होगी. इस मंच पर विपुल 11 अन्य बेटियों की शादी अपने खर्च पर करेंगे. जिस तरह से बेटी की शादी में बारात की धूमधाम होगी, ठीक उसी तरह से 11 बेटियों के दूल्हे भी शादी में आएंगे. ग्वालियर के एक रिजॉर्ट में सारा कार्यक्रम होगा. करीब 2000 लोग शादी में आएंगे. सभी का एक साथ खाना-पीना होगा और एक ही तरह के जेवरात और सामान उनकी बेटी और उन 11 बेटियों को दिए जाएंगे.
