
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय में चल रहे इलेक्ट्रो होम्योपैथी कोर्स को फर्जी करार देते हुए राज्यपाल मंगूभाई पटेल से तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कोर्सों से 10वीं-12वीं पास विद्यार्थी डॉक्टर बनकर आदिवासियों व गरीब ग्रामीणों की जान से खेल रहे हैं। इंदौर और खंडवा में ऐसे इलाज से कई मौतें भी हो चुकी हैं।
गुप्ता ने बताया कि विधानसभा में सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यह कोर्स न मान्यता प्राप्त है और न ही किसी परिषद द्वारा अनुमोदित। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन आरटीआई में जानकारी छिपा रहा है और दोषियों को बचा रहा है। उन्होंने कुलगुरु, कुलसचिव और अध्ययन केंद्र संचालकों की संपत्ति की जांच सीबीआई या लोकायुक्त से करवाने की मांग की। गुप्ता ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
