जबलपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक का आज जबलपुर के कचनार सिटी में शुभारंभ हुआ। बैठक का उद्घाटन संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर किया। बैठक में विभिन्न राज्यों में आए प्राकृतिक आपदाओं के दौरान संघ स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों और वक्तव्यों की रूपरेखा पर चर्चा की जा रही है।
बैठक के प्रारंभ में दी प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि
बैठक के प्रारंभ में समाज जीवन की दिवंगत प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। इनमें राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े, वरिष्ठ प्रचारक मधुभाई कुलकर्णी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, वरिष्ठ राजनेता विजय मल्होत्रा, वैज्ञानिक कस्तूरीरंगन, पूर्व राज्यपाल एल. गणेशन, गीतकार पीयूष पाण्डेय, अभिनेता सतीश शाह, पंकज धीर, हास्य अभिनेता असरानी, असम के संगीतकार जुबिन गर्ग सहित अन्य दिवंगतों को नमन किया गया। साथ ही, हाल ही में पहलगाम में मारे गए हिन्दू पर्यटकों, एयर इंडिया हादसे के पीड़ितों तथा देश के विभिन्न भागों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब आदि में प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वालों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
संघ के शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर भी होगा विमर्श
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर भी विमर्श होगा, जिसमें गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन, सद्भाव बैठकें और प्रमुख जन संगोष्ठियाँ शामिल हैं। इसके साथ ही विजयादशमी उत्सवों की समीक्षा तथा देश की वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थिति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। तीन दिवसीय यह बैठक आगामी 1 नवम्बर तक चलेगी।
सभी छह सह सरकार्यवाह हैं उपस्थित
इस बैठक में संघ के सभी छह सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, मुकुंदा, अरुण कुमार,रामदत्त चक्रधर,आलोक कुमार तथा अतुल लिमये सहित अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य, 11 क्षेत्रों एवं 46 प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा आमंत्रित कार्यकर्ताओं सहित कुल 407 प्रतिनिधि उपस्थित हैं।
