
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। कटनी के कैमोर में भाजपा नेता नीलेश रजक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, गुना के गणेशपुरा में बीजेपी नेता महेंद्र नागर द्वारा किसान रामस्वरूप धाकड़ की निर्मम हत्या, जबलपुर में दंपत्ति की हत्या, सिंगरौली में युवक को मोबाइल चोरी के शक में सार्वजनिक सजा और पन्ना में आरोपी पंचम यादव द्वारा पुलिस दल पर कुल्हाड़ियों से हमला इन घटनाओं ने सरकार की नाकामी को उजागर कर दिया है।
पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा, “सत्ता अपराधियों को संरक्षण दे रही है, वैधानिक साक्ष्य इस बात की पुष्टि करते हैं। हम मांग करते हैं कि सभी घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच हो, दोषी नेताओं पर कार्रवाई की जाए और गृह मंत्री तत्काल इस्तीफा दें।”
पटवारी ने कहा कि अब निर्दोष किसान, महिलाएं और आम नागरिक भय के साये में जी रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने आंखें नहीं खोलीं, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
