
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने आरोप लगाया है कि उसने अपने दो दशक के शासनकाल में शहरों को विकास के बजाय अराजकता, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के केंद्रों में बदल दिया है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि भाजपा को हमेशा “शहरों की पार्टी” कहा गया, लेकिन उसने न तो कोई ठोस शहरी नीति दी और न ही भविष्य की चुनौतियों के लिए शहरों को तैयार किया। उन्होंने कहा, “आज मध्य प्रदेश के शहर अवैध कॉलोनियों, जाम, सीवेज संकट और बेतरतीब निर्माणों के जाल में फँसे हुए हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का शहरी विकास मॉडल केवल दिखावे और प्रचार पर आधारित है विकास के नाम पर नारे, विज्ञापन और फोटोशूट चल रहे हैं, जबकि वास्तविक ढांचा चरमरा चुका है। “भाजपा की शहरी योजना की सच्चाई दरकते ओवरब्रिज और धंसती सड़कों में दिखती है,” उन्होंने कहा।
डॉ. चौधरी ने उदाहरण देते हुए बताया कि जबलपुर में ₹1,000 करोड़ की लागत से बना ओवरब्रिज उद्घाटन के कुछ महीनों में ही दरारों से भर गया, कटनी में ₹10 करोड़ की सड़क छह महीने में ही उखड़ गई, जबकि भोपाल में रेलवे ब्रिज का हिस्सा धंस गया और सड़कों में 20 फीट गहरे गड्ढे बन गए। जीजी फ्लाईओवर घटिया निर्माण का प्रतीक बन चुका है और “90 डिग्री फ्लाईओवर मोड़” राष्ट्रीय स्तर पर उपहास का कारण बना है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदारों, अधिकारियों और सत्ताधारियों की मिलीभगत ने भ्रष्टाचार को नीति बना दिया है। भाजपा की “स्मार्ट सिटी” योजनाएं लालच और अपारदर्शिता के बोझ तले ढह चुकी हैं, जिससे राज्य के शहर भविष्य की चुनौतियों के लिए पूरी तरह अप्रस्तुत हैं।
