पंत की वापसी से भारतीय टीम में जोश का संचार हुआ: साई सुदर्शन

बेंगलुरु, 29 अक्टूबर (वार्ता) इंडिया ए टीम के उप कप्तान साई सदुर्शन ने बुधवार को कहा कि ऋषभ पंत की वापसी से टीम में जोश का संचार हुआ और इंडिया ए टीम ने फिर से अलग तरह से सांस लेना शुरू कर दिया है। पंत इस मैच में इंडिया ए टीम के कप्तान हैं।
साई सुदर्शन ने दक्षिण अफ्रीका ए खिलाफ कल से शुरु होने वाले चार दिवसीय मैच से पहले यूनीवार्ता को बताया, “ऋषभ भाई ने शुरू में ही सही कहा था हम यहां जीतने आए हैं उनकी आंखों में उस तरह का शांत भरोसा था जो सिर्फ पक्के इरादे से आता है। संदेश, सरल और मजबूत था। उनकी मौजूदगी से हर कोई जोश में आ जाता है। वही हिम्मत, वही जोश उन्हें वापस पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। वह ज्यादा फिट और मजबूत दिख रहा है। कभी-कभी चोट आपको वह समय देती है जो लगातार यात्रा करने से कभी नहीं मिलता। उसने उस समय का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया है।”
उन्होंने सीधे-सादे अंदाज में कहा, “नंबर तीन भी ओपनिंग जैसी ही है। आप नई गेंद का सामना करते हैं, आप लय सेट करते हैं, आप पारी को संभालते हैं। चाहे मैं ओपनिंग करूं या एक नंबर नीचे आऊं, जिम्मेदारी वही है भारत के लिए लय निर्धारित करना। उन्होंने कहा कि अगर मैं अपनी जगह पक्की करने के बारे में सोचने लगूंगा, तो मैं केवल अपने लिए खेलूंगा और मैं ऐसा नहीं हूं। मेरा लक्ष्य सेशन जीतना है, भारत के लिए लड़ना है। रन तो बस एक नतीजा हैं।”
सुदर्शन ने गौतम गंभीर की बातों को याद करते हुए कहा, “हमारे पहले मैच के बाद, गौतम गंभीर सर ने मुझे कोटला नेट्स पर एक ओर बुलाकर कहा तुम यहां किसी वजह से हो। रनों के लिए बेचैन मत हो। तुम देश के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक हो। इसने मुझे आजादी दी। इसने मेरे खेल को देखने का तरीका बदल दिया।”
उन्होंने समझाया, “इस स्तर पर हर कोई तकनीकी रूप से अच्छा होता है। जो चीज आपको दूसरों से अलग करती है वह है आप रणनीतिक समझ का इस्तेमाल कैसे करते हैं, आप गेंदबाजों को कैसे सेट करते हैं। मैं उसी पर काम कर रहा हूं।”
उन्होंने कहा, “इंडिया ए के मैच एक आशीर्वाद हैं – खासकर बड़ी सीरीज से पहले। वे हमें कंडीशन समझने, लय बनाने, बेहतर प्लान बनाने में मदद करते हैं। इस साइकिल में हमारे पास सोलह टेस्ट मैच हैं, लेकिन मैं इसे एक बार में एक सेशन करके लेता हूं। उसे जीतो, और बाकी सब अपने आप हो जाएगा।”

Next Post

प्रथम पेफी राज्य एथलेटिक मीट 2025 में उभरी नई खेल प्रतिभाएं

Wed Oct 29 , 2025
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता) नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रथम पेफी राज्य एथलेटिक मीट – दिल्ली 2025 ने देशभर के खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। यह आयोजन फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पेफी) द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट (भारतीय खेल प्राधिकरण) तथा शिक्षा निदेशालय, […]

You May Like