लंबे अरसे से बंद एक्स-रे मशीन, मरम्मत ठप, मरीजों को भोपाल-विदिशा जाना पड़ रहा

सांची: ऐतिहासिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर सांची के सिविल अस्पताल का उन्नयन तो कर दिया गया है, परंतु सुविधाओं में सुधार अब तक नहीं हो सका है। अव्यवस्था और आवश्यक संसाधनों के अभाव ने मरीजों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं।जानकारी के अनुसार सांची में प्रतिदिन देश-विदेश से पर्यटक और विशिष्ट अतिथि आते रहते हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में दुर्घटनाओं के दौरान घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में अस्पताल की सेवाओं का सुचारू रूप से चलना अत्यंत आवश्यक है, किंतु स्थिति इसके विपरीत है।

सिविल अस्पताल की एक्स-रे मशीन लंबे समय से खराब पड़ी है। हर बार मरीजों को अस्पताल से यही जवाब मिलता है कि मशीन खराब है। मजबूरन मरीजों को विदिशा या भोपाल जाकर एक्स-रे करवाना पड़ता है, जिससे न केवल समय और धन की बर्बादी होती है, बल्कि गंभीर मरीजों को अतिरिक्त परेशानी भी झेलनी पड़ती है।पूर्व में कार्यरत अनुभवी एक्स-रे तकनीशियन का स्थानांतरण हो चुका है। भोपाल से आए नए तकनीशियन को तो पदस्थ कर दिया गया है, लेकिन मशीन बंद होने के कारण वे कार्य नहीं कर पा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सांची सिविल अस्पताल की एक्स-रे मशीन को शीघ्र सुधार कर सेवा पुनः प्रारंभ की जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और आपातकालीन सेवाएँ बाधित न हों।
विभाग को भेजे जा चुके हैं कई पत्र बीएमओ
अस्पताल प्रभारी बीएमओ डॉ. रवि राठौर ने बताया कि एक्स-रे मशीन लंबे समय से बंद है। इसमें प्रयुक्त कैसिट खराब हो चुके हैं और नए कैसिट काफी महंगे हैं। इस संबंध में कई बार जिला स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजे गए हैं, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है। चूंकि यह कार्य शासन स्तर से होता है, इसलिए सुधार प्रक्रिया में देरी हो रही है।

Next Post

महिला को दहेज के लिए सताया

Wed Oct 29 , 2025
इंदौर:तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने दहेज-सम्बन्धी उत्पीड़न, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा कर पुलिस में शिकायत की है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है. घटना की विवेचना पुलिस कर रही है.शिकायतकर्ता […]

You May Like