प्रेरणा अरोड़ा ने खोले ‘जटाधारा’ की आध्यात्मिकता के साथ काली दुनिया के राज़

मुंबई, 29 अक्टूबर (वार्ता) फिल्म निर्माता प्रेरणा अरोड़ा ने अपनी आने वाली फिल्म ‘जटाधारा’ को लेकर कहा कि यह फिल्म आध्यात्मिकता के साथ सिर्फ काले जादू या डर के बारे में नहीं है, बल्कि विश्वास से जुड़े उन मासूम साधारण लोगों की कहानी है, जो असाधारण शक्तियों में उलझ जाते हैं।
ज़ी स्टूडियो और प्रेरणा अरोड़ा की फिल्म ‘जटाधारा’ का ट्रेलर रिलीज़ होते ही यह फिल्म देशभर में जबरदस्त चर्चा का विषय बन गई है। विशेष रूप से फिल्म की भावनात्मकता के साथ भव्य विज़ुअल्स ने जहां दर्शकों को झकझोर कर रख दिया है, वहीं सुधीर बाबू के शक्तिशाली आध्यात्मिक किरदार और सोनाक्षी सिन्हा के रहस्यमय और खतरनाक अवतार ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध और स्तब्ध कर दिया है।
प्रेरणा अरोड़ा ने कहा,“ट्रेलर को जिस तरह दर्शकों का प्रतिसाद मिला है, यह मेरे लिए काफी भावुक और प्रेरणादायक है। सच कहूं तो निर्माता के रूप में यह मेरे ‘विश्वास’ को हमेशा बल देता रहा है। विशेष रूप से जब मैंने ‘रुस्तम’, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘पैडमैन’ जैसी फिल्में बनाई थीं, तब भी उन सभी फिल्मों के विषयों ने मुख्यधारा सिनेमा में पहली बार आने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर चर्चा पैदा की थी। यही दृढ़ विश्वास मुझे अपनी अगली फिल्म ‘जटाधारा’ के साथ भी था और अब जब लोग उससे इतनी गहराई से जुड़ रहे हैं, तो मेरे लिए यह बेहद संतोषजनक है।”
हालांकि जब उनसे ‘स्त्री 2’, ‘मुंजया’ और ‘कांतारा’ जैसी हालिया सुपरनैचुरल फिल्मों के संदर्भ में पूछा गया, तो प्रेरणा ने कहा, “‘जटाधारा’ इन सबसे अलग है क्योंकि यह न तो कॉमेडी है और न फैंटेसी। यह आध्यात्मिकता के साथ सिर्फ काले जादू या डर के बारे में नहीं है, बल्कि विश्वास से जुड़े उन मासूम साधारण लोगों की कहानी है, जो असाधारण शक्तियों में उलझ जाते हैं। यहाँ डर सिर्फ दिखाई नहीं देता, बल्कि मनोवैज्ञानिक भी है। हालांकि यहां हम काले जादू के ज़रिये उसका मनोरंजन नहीं कर रहे हैं, बल्कि उसके परिणामों की बात कर रहे हैं।”
फिल्म जटधारा में सुधीर बाबू और सोनाक्षी सिन्हा के साथ इंदिरा कृष्णन, शिल्पा शिरोडकर, रवि प्रकाश और रोहित पाठक महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।यह फिल्म सात नवंबर 2025 को हिंदी और तेलुगू में पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

Next Post

मिस्ट्री सीरीज़ में ओटीटी डेब्यू करेंगी निमृत कौर अहलूवालिया

Wed Oct 29 , 2025
मुंबई, 29 अक्टूबर (वार्ता) अभिनेत्री निमृत कौर अहलूवालिया पंजाबी फिल्म डेब्यू के बाद अब मिस्ट्री सीरीज़ में ओटीटी डेब्यू करेंगी। इस साल की शुरुआत में गुरु रंधावा के साथ पंजाबी फिल्म शौंकी सरदार से बड़े पर्दे पर प्रभावशाली शुरुआत करने के बाद, टेलीविज़न और रियलिटी शोज़ जैसे बिग बॉस और […]

You May Like