सतना: जिले के नागौद क्षेत्र में मंगलवार की शाम उस वक्त कोहराम मच गया जब एक अनियंत्रित यात्री बस बिजली के खंबे से टकराने के बाद पलट गई. इस घटना के चलते जहां एक यात्री की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. वहीं दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए.प्राप्त जानकारी के अनुसार अनमोल ट्रवेल्स की यात्री बस ग्राम आमा से सतनी की ओर जाने के लिए निकली थी. बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिसमें दर्जन भर से अधिक स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल थे. बताया गया कि बस जैसे ही नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत संदीपनी विद्यालय के गेट के पास पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण स्पीड ब्रेकर से उछलने के कारण जोर का झटका लगा.
जिसके चलते बस अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते सडक़ किनारे लगे बिजली के खंबे से टकराकर पलट गई. घटना होते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. वहीं घटना होती देख आस पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरु करते हुए पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पाकर नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए.
बस का शीशा तोडकर यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालने के बाद आनन-फानन में उपचार के लिए नागौद स्थित सिविल अस्पताल भेजा गया. जहां पर 4 यात्रियों को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सतला जिला अस्तपाल रेफर कर दिया गया. वहीं शेष घायल तकरीबन डेढ़ दर्जन यात्रियों को भर्ती कर उपचार किया गया. जिसमें से कुछ को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. जबकि वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल रेफर किए गए एक व्यक्ति के पेट में गंभीर चोट आने के कारण उसे मेडिकल कालेज रीवा रेफर कर दिया गया.
जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान सुमित गुप्ता पिता मनोज उम्र 32 वर्ष निवासी भाजीखेरा आमा के तौर पर हुई. वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के चलते मार्ग बाधित होता देख पुलिस द्वारा क्रेन की मदद से बस को किनारे करवाया गया. घटना से आक्रोशित लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर बिना किसी संकेतक के ही स्पीड ब्रेकर बना हुआ है. जिससे आए दिन वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं. लिहाजा उक्त स्थान पर स्पीड ब्रेकर के साथ-साथ स्पीड लिमिट का संकेतक भी लगाया जाए. प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण बस की कमानी टूटने की वजह से चालक द्वारा संतुलन खो देने के तौर पर सामने आया.
सांसद ने दिए जांच के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए और घायलों की स्थिति जानी. इसी कड़ी में उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला और आरएमओ डॉ. शरद दुबे से घायलों को सुमचित उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही सांसद श्री सिंह द्वारा बस चालक की लापरवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह और प्रभारी परिवहन अधिकारी संजय श्रीवास्तव को जांच के लिए उचित दिशा निर्देश भी दिए गए.
