चेन्नई, 28 अक्टूबर (वार्ता) भीषण चक्रवाती तूफान मोन्था के प्रभाव में चेन्नई शहर में सुबह से हो रही लगातार बारिश ने आज चेन्नई ओपन डब्ल्यूटीए टेनिस चैंपियनशिप के दूसरे दिन का खेल रद्द कर दिया।
कल, पहले दिन के मैच भी बारिश के कारण रद्द हो गए थे और आयोजकों ने कहा था कि मुख्य ड्रॉ के मैच आज शुरू होंगे।
लेकिन बारिश ने फिर से खेल बिगाड़ दिया और सभी मैच कल के लिए स्थगित कर दिए गए। आयोजकों ने कहा कि एकल वर्ग के पहले दौर के सभी 16 मुख्य ड्रॉ मैच कल सुबह 11 बजे से शुरू होंगे, जिनमें चार-चार कोर्ट में चार-चार मैच होंगे,
इसके बाद युगल मुख्य ड्रॉ के मैच होंगे।
