
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2025: भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर गंभीर रूप से चोटिल होने के बाद सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) से बाहर लाया गया है। उनकी हालत नाजुक लेकिन स्थिर बनी हुई है। अय्यर को यह चोट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते समय लगी थी, जब उन्होंने कैच पकड़ते हुए जमीन पर गिरते वक्त अपनी बाईं पसलियों पर जोरदार झटका खाया था।
चोट लगने के बाद श्रेयस अय्यर की हालत तेजी से बिगड़ी और उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। जाँच के बाद पता चला कि उनकी तिल्ली (Spleen) में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण इंटरनल ब्लीडिंग शुरू हो गया था। सूत्र ने बताया कि यह चोट जानलेवा हो सकती थी। रक्तस्राव के कारण संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया और सघन निगरानी में रखा गया।
बीसीसीआई ने सोमवार को उनके स्वास्थ्य पर आधिकारिक अपडेट जारी कर बताया कि उनकी स्थिति स्थिर है और मेडिकल टीम कड़ी निगरानी रख रही है। इंटरनल ब्लीडिंग और संक्रमण के खतरे को देखते हुए, अय्यर को कम से कम एक सप्ताह तक सिडनी के अस्पताल में रहने की उम्मीद है। शुरुआती अनुमान से अब ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है, और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी की कोई पक्का समय सीमा बताना मुश्किल है।
