
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इंदौर के लसुड़िया मोरी में 8 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि यह प्रयोगशाला जनता के स्वाद, स्वास्थ्य और सुरक्षा का प्रतीक है। यहां प्रतिवर्ष 20 हजार सैंपल की जांच होगी, जिससे मालवांचल क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मिलावटखोरी रोकने और स्वास्थ्य सुरक्षा बढ़ाने के लिए इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में ऐसी प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। अगले तीन माह में जबलपुर में तीसरी लैब शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पांच मंजिला, 3700 वर्ग फीट में बनी लैब पूरी तरह आधुनिक है और भोजन व दवाओं की गुणवत्ता की सटीक जांच करेगी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट ने भी कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को रेखांकित किया।
