
रीवा। रीवा में मकर संक्रांति के पर्व की खुशियां आज एक परिवार के लिए मातम में तब्दील हो गई. यहां घर की छत पर पतंग उड़ा रहा 13 वर्षीय किशोर 11 हजार विद्युत लाइन के करंट में झुलस गया, जिसकी अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई. यह हादसा विद्युत लाइन में फंसी पतंग को निकालते समय हुआ है. किशोर लोहे की पाइप से पतंग निकाल रहा था, तभी अचानक से तेज धमाका हुआ और किशोर करेंट से भडक़ी आग में झुलस गया.
जानकारी के मुताबिक चिरहुला स्थित चौरसिया कॉलोनी में रहने वाले रामायण चौरसिया का 13 वर्षीय पुत्र कुश चौरसिया दोपहर घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी पतंग घर की छत से करीब 12 फीट दूर गुजरी 11 हजार केवी लाइन के विद्युत तार में जा फंसी. करंट से अनजान किशोर विद्युत लाइन में फंसी हुई पतंग को निकलने का प्रयास कर रहा था, जिस दौरान वह लोहे की पाइप से पतंग निकल रहा था तभी अचानक से एक तेज धमाका हुआ और करेंट के कारण भडक़ी आग में किशोर बुरी तरह झुलस गया. इधर घटना के दौरान धमाके की आवाज सुनते ही इलाके के लोग घरों के बाहर निकल आए, जहां पाया कि किशोर आग में बुरी तरह झुलस रहा है. जिस दौरान आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने आनन-$फानन में संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया है जहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही चिकित्सकों मृत घोषित कर दिया.
