छठ महापर्व की व्यवस्थाओं को लेकर परेशान क्यों हैं आप के नेता: सचदेवा

नयी दिल्ली 26 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रविवार को यमुना की सफाई और छठ महापर्व को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से की गयी व्यवस्थाओं के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला और कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि आप के नेता छठ घाटों की व्यवस्था को देखकर इतने परेशान क्यों हैं।

श्री सचदेवा ने पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ‘आप’ जब सत्ता में थी, तो स्वास्थ, शिक्षा, विकास के मॉडलों का जिक्र करते नहीं थकती थी, लेकिन दिल्ली और देश के लोगों ने आप के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का वो मॉडल देखा, जिसने पूर्वांचल के लोगों को परेशान कर रखा था।

उन्होंने कहा कि आज दिल्लीवासियों ने ‘आप’ के प्रदेश प्रमुख सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे वासुदेव घाट की साफ सफाई के साथ ही वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति उठाते हुए देखा। उन्होंने कहा कि देश में अनेक बार विपक्ष को विकास के अभाव और पूजा स्थलों पर गंदगी पर आपत्ति करते देखा है, लेकिन श्री भारद्वाज ने आज यमुना किनारे से जो लाइव वीडिओ जारी कर यमुना सफाई पर आपत्ति करने का जो नाटक किया वह एक बड़ा राजनीतिक प्रपंच है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार को बिहार समाज के लोगों के प्रति राजनीतिक द्वेष था और उसी के चलते श्री केजरीवाल ने 2018 से 2024 तक बिना किसी लिखित न्यायिक या प्रशासनिक आपत्ति के यमुना किनारे छठ के पूजा-पाठ पर रोक लगाई और आज जब रेखा गुप्ता सरकार ने मात्र आठ माह में यमुना की बेसिक सफाई पूरी कर छठ व्रतियों को घाट उपलब्ध करवाई हैं तो अब वह हाहाकार मचा रहे हैं।

श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली का बिहारी समाज आज ‘आप’ के नेतृत्व से सवाल पूछ रहा है कि आपकी सरकार ने किस प्रशासनिक आधार पर 2018 से 2024 तक दिल्ली में यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक लगाई थी। बिहारी समाज जानना चाहता है कि ‘आप’आखिर उन्हें रेखा गुप्ता सरकार के द्वारा यमुना घाटों पर सफाई और स्वच्छ जल सुनिश्चित करने पर आपत्ति क्यों है ?

इस दौरान दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल भी मौजूद थे।

 

Next Post

औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब छत्रपति संभाजी नगर

Sun Oct 26 , 2025
छत्रपति संभाजीनगर, 26 अक्तूबर (वार्ता) महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन कर दिया गया है। यह परिवर्तन केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद लागू हुआ है। दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के अंतर्गत आने वाला यह स्टेशन अब […]

You May Like