श्योपुर: करहाल के पालीवाल चौक स्थित कुशवाहा मोहल्ले में एक युवक को पैर में फ्रैक्चर होने के बाद एम्बुलेंस नहीं मिली। परिजनों को मजबूरन उसे ठेले पर लिटाकर अस्पताल ले जाना पड़ा। कुशवाहा मोहल्ले निवासी शंभु कुशवाहा का पैर घर पर सीढ़ी से फिसलने के कारण गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया था। परिजनों ने तुरंत मदद के लिए कराहल अस्पताल स्थित डायल 108 एम्बुलेंस सेवा पर कई बार फोन किया।
मरीज के परिजन रामसिंह कुशवाहा ने बताया कि एम्बुलेंस सेवा ने यह कहकर मदद से इनकार कर दिया कि कोई वाहन उपलब्ध नहीं है। करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं भेजी गई। इसके बाद मजबूरन लकड़ी के ठेले की व्यवस्था कर घायल शंभु को उसी पर लिटाकर अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में युवक के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और तुरंत इलाज शुरू किया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखी गई।
