
छतरपुर।छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बरायचखेरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने कीटनाशक का सेवन किया था, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिजनों ने गोपालपुरा निवासी गनेशी कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी ने युवक के साथ मारपीट की और जबरन कीटनाशक पिलाया, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
