
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर 2025: देश के सबसे बड़े त्योहारों में से एक छठ पूजा के लिए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए एक बड़ा ‘महा-प्लान’ तैयार किया है। इस योजना के तहत अगले पाँच दिनों में पूरे देश में 1,500 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसका मतलब है कि प्रतिदिन औसतन 300 अतिरिक्त ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी, जिसका मुख्य फोकस यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा देना है।
रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक, यानी 61 दिनों की पूरी त्योहारी अवधि के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है। इस दौरान, देश भर में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेन यात्राओं का संचालन किया जा रहा है। यह संख्या पिछले साल की 7,724 पूजा और दिवाली विशेष ट्रेनों के मुकाबले काफी अधिक है, जो त्यौहारों के मौसम में लोगों की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने की रेलवे की तैयारी को दिखा रहा है।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अगले पांच दिनों में चलाई जा रही 1,500 विशेष ट्रेनों का एकमात्र उद्देश्य यात्रियों को बिना किसी परेशानी के उनके घर पहुंचाना है। सुरक्षा और सुविधा पर खास ध्यान दिया जा रहा है। दिवाली के दौरान उधना जैसे स्टेशनों पर रिकॉर्ड-तोड़ भीड़ के कुशल प्रबंधन के बाद, रेलवे की यह पहल छठ पूजा जैसे महापर्व पर लाखों यात्रियों को तनाव मुक्त यात्रा सुनिश्चित करेगी।
