‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना भारत के अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्गदर्शक सिद्धांत : मुर्मु

नयी दिल्ली 10 नवम्बर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ रहा है और समूचे विश्व को परिवार मानने की उसकी भावना अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का मार्गदर्शक सिद्धांत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत अफ्रीका में चले आ रहे संघर्षों के समाधान के लिए अंगोला के शांति प्रयासों की सराहना करता है।

दक्षिणी अफ्रीकी राष्ट्र अंगोला की यात्रा पर गयी श्रीमती मुर्मु ने सोमवार को लुआंडा में अंगोला की संसद में अपने संबोधन में कहा कि भारत की समूचे विश्व को परिवार मानने की पुरानी परंपरा रही है और यही उसके अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का सिद्धांत है।

उन्होंने कहा,” भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है। हमारी प्राचीन फिलॉस्फी की भावना ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’अर्थात् ” विश्व एक परिवार है” हमारे अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मार्गदर्शक सिद्धांत बनी रहेगी।

भारत और अंगोला के बीच संबंधों को परस्पर विश्वास, सम्मान, साझा मूल्यों और आर्थिक एवं सामाजिक विकास पर आधारित बताते हुए उन्होंने अंगोला की स्वतंत्रता की 50 वीं वर्षगांठ पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा, ” मैं आप सभी को स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर 140 करोड़ भारतीयों की ओर से हार्दिक बधाई देती हूँ। यह अवसर हमें अंगोला के उन साहसी और संघर्षशील नागरिकों की याद दिलाता है, जिन्होंने स्वतंत्रता के लिए निरंतर प्रयास किया।” राष्ट्रपति ने अंगोला की संसद में महिलाओं की अच्छी खासी संख्या का उल्लेख करते हुए कहा ,” विश्व की सबसे बड़े लोकतंत्र की महिला राष्ट्रपति होने के नाते मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता है कि अंगोला की संसद में महिलाओं का उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व है।”

उन्होंने कहा कि अफ्रीका में लंबे समय से चले आ रहे संघर्षों के समाधान के लिए अंगोला के नेतृत्व और शान्ति प्रयासों की भारत सराहना करता है।

इससे पहले श्रीमती मुर्मु ने अंगोला के पहले राष्ट्रपति डॉ. एंटोनियो एगोस्टिन्हो नेटो के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

डॉ. नेटो एक दूरदर्शी नेता और अंगोला की एकता तथा राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने अंगोला की आज़ादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी।

राष्ट्रपति ने फोर्टालेज़ा डे साओ मिगुएल का भी दौरा किया जो लुआंडा में सशस्त्र बलों का संग्रहालय है। इसमें अंगोला के लंबे और जटिल सैन्य इतिहास की कहानी बताई गई है। इसमें अंगोला का औपनिवेशिक काल और आज़ादी की लड़ाई शामिल है।

 

 

Next Post

लाल किले के पास कार में विस्फोट

Mon Nov 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास एक कार में विस्फोट होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में विस्फोट आज सोमवार शाम को हुई और तीन से चार वाहनों में भी आग लगने की खबर है। अग्निशमन […]

You May Like

Play sound