मप्र पुलिस का दीपावली में जुआ-सट्टा नेटवर्क पर शिकंजा, करोड़ो की संपत्ति और सैकड़ों आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। पुलिस ने प्रदेशव्यापी जुआ-सट्टा नेटवर्क के खिलाफ सघन अभियान चलाया है. अभियान का प्रमुख उद्देश्य त्योहारों के दौरान सामाजिक माहौल को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखना है.

अभियान की अवधि के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस टीमों ने सतर्कता पूर्वक निरंतर कार्यवाही की. अब तक की गई संयुक्त कार्यवाहियों में पुलिस ने सैकड़ों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए ₹60,78,925 की नकद राशि सहित कई मोबाइल फोन, चार पहिया एवं दुपहिया वाहन, ताश की गड्डियां तथा जुए-सट्टे से संबंधित अन्य उपकरण सहित करोड़ो की संपत्ति जब्त की हैं.

विदिशा में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में ₹22.22 लाख का मशरूका जब्त किया गया, जिसमें नगद राशि, कार, स्कूटी एवं मोबाइल फोन शामिल हैं. छिंदवाड़ा (नवेगांव) में जंगल क्षेत्र में चल रहे जुए के फड़ पर छापामार कार्रवाई में ₹9.67 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया गया. अनूपपुर (बीजुरी) में पुलिस ने ₹6.10 लाख की नगद राशि बरामद कर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया.

सिहोर (भैरूंदा) में कार्रवाई में ₹5.25 लाख की बरामदगी की गई और 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया. छतरपुर, राजगढ़, मंदसौर और ग्वालियर में संयुक्त रूप से ₹12 लाख से अधिक का मशरूका जब्त किया गया. इसके अतिरिक्‍त जबलपुर, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, दतिया, नर्मदापुरम, शिवपुरी, मंडला, बालाघाट, मैहर और दमोह में भी पुलिस टीमों द्वारा निरंतर दबिशें देते हुए बड़ी संख्या में आरोपी गिरफ्तार किए गए.

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि ‍“मध्यप्रदेश पुलिस समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है. दीपावली पर्व के दौरान राज्य में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जा रही है. किसी भी स्तर पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. यह अभियान न केवल कानून के पालन के लिए बल्कि समाजिक नैतिकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ठोस कदम है.

उन्‍होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहे. उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को जुआ-सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए.

Next Post

वेयरहाउस संचालकों की दिवाली पड़ी फीकी, कर रहे 14 दिन से मौन सत्याग्रह 

Wed Oct 22 , 2025
जबलपुर। कृषि उपज मंडी स्थित एमपीडब्लूएलसी (मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन) कार्यालय के सामने मौन धरने पर बैठे वेयरहाउस संचालकों की दिवाली इस बार भी बिना रौशनी के बीत गई। भुगतान की प्रतीक्षा में पिछले 14 दिनों से मौन सत्याग्रह कर रहे संचालकों ने बताया कि कई बार शासन-प्रशासन को […]

You May Like