
आष्टा। तहसील के ग्राम कचनारिया में दिवाली के दिन घटी दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से जहां परिजन गमगीन हैं, वहीं गांव में भी शोक और दहशत का माहौल है. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
घटना रविवार की है, जब कचनारिया निवासी अखिलेश मालवीय के तीनों बच्चे,आठ वर्षीय वंश, पांच वर्षीय वंशिका और डेढ़ वर्षीय अंशिका को उल्टी की शिकायत हुई. परिजन उन्हें कोठरी के एक निजी क्लीनिक में इलाज के लिए ले गए. इलाज के बाद बच्चों को घर लाया गया, लेकिन रात में उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई. सोमवार सुबह अंशिका ने दम तोड़ दिया. दफनाने के कुछ घंटे बाद वंश और वंशिका की हालत और बिगड़ गई. परिजन उन्हें आष्टा अस्पताल ले गए, जहां से सीहोर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में वंश की भी मौत हो गई. वंशिका का इलाज फिलहाल भोपाल में जारी है.
घटना के बाद बीएमओ डॉ. अमित माथूर, डॉ. बीके डोहर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का सर्वे किया. जांच में मृतक परिवार को छोड़कर गांव में किसी अन्य व्यक्ति में उल्टी, दस्त या बुखार के लक्षण नहीं मिले. अधिकारियों का मानना है कि बच्चों की मौत प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग से हुई प्रतीत होती है। सीएमएचओ डॉ. डेहरिया ने बताया कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सतत निगरानी रखे हुए है.
