बच्चों को गोवर्धन पर लेटाकर मांगी सुख-समृद्धि

शाजापुर। दीपावली के दूसरे दिन जिलेभर में गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ. लोगों में इस दिन खासा उत्साह देखा गया. इस दिन गाय के गोबर से जगह-जगह गोवर्धन बनाए गए तथा विधि विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई.

इधर, गवली समाज में भी इस पूजा का विशेष महत्व है. गवली समाज पशु पालक होने के साथ साथ गौमाता में गहरी आस्था रखते हैं. इस दिन शाजापुर में गाय के गोबर से गवली समाज की महिलाओं द्वारा गोवर्धन की आकृति बनाकर पूजा की. छोटे-छोटे बच्चों को गाय के गोबर से बने गोवर्धन में लेटाया गया. मान्यता है कि ऐसा करने से वे वर्ष भर निरोगी रहते हैं, यह परंपरा गवली समाज द्वारा कई पीढिय़ों से निभाई जा रही है. विशेष बात यह है कि यह परंपरा धार्मिक लिहाज से तो महत्वपूर्ण तो है ही, साथ में इसमें प्रकृति के प्रति प्रेम का भी अनूठा उदाहरण मिलता है.

विधायक ने की गोवर्धन पूजा

ग्राम टाण्डा बोर्डी की शासकीय गौशाला में आयोजित हुए गोवर्धन पूजा उत्सव में स्थानीय विधायक अरुण भीमावद, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारीगण शामिल हुए. गौशाला में सर्वप्रथम अतिथियों ने विधि विधान से गोवर्धन पूजा की. इसके बाद अतिथियों ने गायों का पूजन कर गौ ग्रास का सेवन कराया. इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष शरद शिवहरे, नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, आशीष नागर, हरिओम गोठी सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे.

गोवर्धन पूजा में शामिल हुए मंत्री

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार आज ग्राम सेमली की श्री भागवद गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजा में शामिल हुए. गोवर्धन पूजा पं. कमल किशोर नागर द्वारा कराई गई. मंत्री परमार ने इस मौके पर गौ माता की पूजा कर गायों को गौ ग्रास, गुड़, पूड़ी का भोग कराया. साथ ही उन्होंने गौशाला में कार्यरत गौ सेवको का सम्मान भी किया. इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. प्रशांत महाडिक, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी जय प्रकाश पंवार, पशु परिचारक राम नारायण सौराष्ट्रीय, गोसेवकों एवं ग्रामीणजनों सभी ने पूजन में भाग लिया.

 

 

 

 

 

खीर-पूड़ी और छप्पन भोग का चढ़ावा

 

बुधवार को शाजापुर में गवली समाज ने हजारों वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन किया. नई सडक़ स्थिति गवली मोहल्ला में सुबह गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर खीर पूड़ी एवं 56 भोग चढ़ाकर गोवर्धन पूजा की. इसके बाद गोवर्धन में दूध मुंहे बच्चों को लेटाकर सुख समृद्धि की कामना की. शाजापुर गवली समाज द्वारा दीपावली की पड़वां पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए गोवर्धन पूजा की गई.

 

यह है मान्यता…

 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ग्वाल वंश को भगवान इंद्रदेव के प्रकोप से बचने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन को अपनी उंगली से उठाया था. तब से ही गोवर्धन महाराज की पूजा ग्वाल वंशियों द्वारा की जाती है. ऐसी मान्यता है कि गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना करने से ग्वाल वंशियों के धन भंडार भरे रहते हैं और उन पर कोई विपदा नहीं आती है. इस परंपरा का निर्वाह आज भी गवली समाज द्वारा विधि विधान से निभाया जा रहा है. गोवर्धन पूजा के बाद गवली समाज के युवाओं ने समाज के दूध मुंह बच्चों को गोवर्धन में लेटाकर गोवर्धन महाराज का आशीर्वाद दिलवाया. इसके बाद सभी ग्वालवंशियों ने समाज के वरिष्ठजन एवं माताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया.

 

अंचलों में हुई आतिशबाजी, पशुधन को पूजा

 

शुजालपुर, सुख-समृद्धि व उल्लास का महापर्व दीपावली क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. बुधवार को ग्रामीण अंचलों में पड़वा के दिन दीपावली उत्सव मनाया गया. अंचलों में पड़वा के दिन पशुधन की पूजा की गई और जमकर आतिशबाजी भी हुई. ग्रामीणों द्वारा अपने पशुओं को आकर्षक रूप से श्रंगार का सजाया गया. कुछ स्थानों पर उनका प्रदर्शन भी किया गया. याद रहे कि पड़वां का पर्व दीपावली की अमावस्या के अगले दिन मनाया जाता है. साथ ही बुधवार को गोवर्धन पूजा की. इसके चलते सुबह महिलाओं ने घर के आंगन को गोबर से लीपकर गोवर्धन की आकृति बनाकर उसका पूजन किया. गुरुवार को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा.

Next Post

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Wed Oct 22 , 2025
नीमच। शहर में सडक़ दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सिटी थाना क्षेत्र के जावद चौराहा पर एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो […]

You May Like