रेत माफिया ने सरकारी अमले को 8 किमी तक दौड़ाया, महिलाओं ने टीम को घेरा

श्योपुर। विजयपुर में अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंचे प्रशासनिक अमले को रेत माफियाओं ने करीब आठ किलोमीटर तक दौड़ाया। इस दौरान रेत माफिया पक्ष की महिलाओं ने लाठी-डंडे लेकर अधिकारियों का विरोध किया। बाद में पुलिस ने दो ट्रैक्टर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है।

एसडीएम अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व टीम ने अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया था। टीम ने बैरिकेड लगाकर रेत से भरी ट्रॉलियों को रोकने की कोशिश की। लेकिन माफिया ट्रैक्टरों को भगा ले गए। पुलिस दल ने उनका पीछा किया।

करीब आठ किलोमीटर तक पीछा करने के बाद भी प्रशासन रेत से भरे ट्रैक्टरों को पकड़ नहीं सका। जब ट्रैक्टर अपने क्षेत्र में पहुंचे तो वहां माफिया पक्ष के लोगों ने पुलिस प्रशासन का विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं सहित कई लोगों ने लाठी-डंडे लेकर पुलिस दल को घेरने की कोशिश की जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अधिकारियों को वहां से लौटना पड़ा।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

विजयपुर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि सुनवई तिराहा क्षेत्र से रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों, मुकेश पुत्र रंगलाल रावत (निवासी थाना टेंटरा) और रामदीन पुत्र लख्खू रावत (निवासी कैमारा कला, थाना टेंटरा) को गिरफ्तार किया है। दोनों ट्रैक्टर जब्त कर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। तीसरा आरोपी सोनू यादव (निवासी भुजपेरिया) मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने कहा कि प्रशासन की ओर से अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने की लगातार कोशिश की जा रही है। उन्होंने हमले जैसी किसी बात से इनकार किया, लेकिन रेत माफिया के बढ़ते हौसले को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Next Post

अग्रवाल सम्मेलन में 650 युवक युवतियों का होगा परिचय

Wed Oct 22 , 2025
ग्वालियर। अग्रवाल परिचय सम्मेलन ने पूरे देश के अनेक छोटे बड़े शहरों में जाकर हजारों परिवारों को जोड़ने का का जो सपना देखा था वो अब साकार रुप लेने लगा है। अभी तक कोलकाता, सिलीगुड़ी, गुवाहाटी, जयपुर, मथुरा, आगरा, भोपाल, जम्मू, हरिद्वार, देहरादून सहित अनेकों शहरों में 129 आयोजन किये […]

You May Like