भोपाल।अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गुरूवार को स्वास्थय शिविर आयोजित किए जाएगें. इस अवसर पर घरों में काम करने वाली कामकाजी दीदियों एवं महिला श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. ये शिविर भोपाल की 21 तंग बस्ती क्षेत्रों क्रेशर बस्ती भौंरी, गोंडीपुरा, संजीवनी क्लिनिक बाणगंगा, संजीवनी क्लिनिक प्रियदर्शिनी नगर, अंबेडकर नगर , सुनहरी बाग, प्रेमपुरा, भीम नगर, धर्मपुरी, लतीफ नगर, गिरि मोहल्ला, पिपलानी मस्जिद के पास, जय हिंद नगर, बीडीए कॉलोनी अमरावत खुर्द, कृष्णा नगर बरखेड़ा पठानी, आजाद नगर अशोका गार्डन, शंकराचार्य नगर चांदबड़, हनुमान मंदिर ओल्ड सुभाष नगर, डीमार्ट के पास बरखेड़ी, चंपा चौराहा ओल्ड विधानसभा, आंगनवाड़ी केंद्र 966 न्यू कबाड़खाना में लगाए जा रहे हैं. कामकाजी महिलाओं की सुविधा को देखते हुए दोपहर 1.00 बजे से शिविर लगाए जाएंगे. जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ उनके बच्चों की जांच एवं टीकाकरण भी किया जाएगा. शिविरों में महिला रोगों की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं के लिए एन सी जांच, प्रथम तिमाही में पंजीयन, टीकाकरण, हाईरिस्क चिन्हांकन, पोषण परामर्श सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. कुपोषण की पहचान कर बच्चों के टीके भी इन शिविरों में लगाए जाएंगे. शिविरों में असंचारी रोगों का परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड, मलेरिया, क्षय रोग व कुष्ठ रोग की स्क्रीनिंग कर इन बीमारियों की जानकारी के लिए जागरूकता गतिविधियां भी की जाएगी.मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य समाज की उन्नति का आधार है. महिला स्वास्थ्य मध्यप्रदेश शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिविर में सभी सेवाएं नि:शुल्क दी जाएंगी.
