छतरपुर: दीपावली के मौके पर बुंदेलखंड के लोगों को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। खजुराहो से वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके लिए स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है।खजुराहो सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को भेजे गए पत्र में ट्रेन का विस्तृत शेड्यूल भी साझा किया गया है।
तय समय के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 3:20 बजे खजुराहो से रवाना होकर महोबा और बांदा होते हुए शाम 6:13 बजे चित्रकूटधाम पहुंचेगी। इसके बाद यह प्रयागराज और विंध्याचल से गुजरते हुए रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी।सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बुंदेलखंड की जनता के प्रति दिखाए गए विशेष स्नेह और विकास के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से दोनों नेताओं के प्रति आभार जताया।
