सतना/चित्रकूट: दीनदयाल शोध संस्थान का स्वास्थ्य प्रकल्प आरोग्यधाम, विगत 3 दशकों से भी अधिक समय से ‘आजीवन स्वास्थ्य’ की परिकल्पना के साथ चित्रकूट में सेवारत है। आरोग्यधाम का दंत चिकित्सा विभाग विगत 25 वर्षों से अत्यंत गुणवत्तायुक्त दंत चिकित्सा उपलब्ध करा रहा है। इस सेवा कार्य में इंडियन डेंटल एसोसिएशन-यूके लम्बे समय से अपना बहुमूल्य सहयोग दे रहे हैं। अब इस पहल में सेवा-यूके भी सक्रिय रूप से जुड़ गई है।
दीनदयाल शोध संस्थान, इंडियन डेंटल एसोसिएशन-यूके तथा सेवा-यूके के संयुक्त तत्वावधान में 31 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक चित्रकूट में “दंत चिकित्सा के क्षेत्र में बदलते प्रतिमान : नवोन्मेष एवं उनके आगे का भविष्य” पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है। यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन भारत तथा इंग्लैंड के वरिष्ठ दंतचिकित्सकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों तथा विषय के छात्रों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास है, जहां दंतचिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और इस क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं पर विशेषज्ञ विमर्श करेंगे, साथ ही दंतचिकित्सा क्षेत्र के शोधार्थियों एवं छात्रों हेतु नवाचारों, सेवा, शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के विषय में बहुमूल्य जानकारी पाने का अवसर रहेगा।
आरोग्यधाम दंत चिकित्सा विभाग के प्रभारी डॉ वरुण गुप्ता ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य दंत चिकित्सा में उच्चतम अंतर्राष्ट्रीय मानकों को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित करना है, साथ ही नवीनतम तकनीकों, डिजिटल दंत चिकित्सा, दंत प्रत्यारोपण और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन भी शामिल हैं। वास्तविक दुनिया में प्रभाव पैदा करने वाले उन्नत ज्ञान को जमीनी स्तर पर मौखिक स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के साथ जोड़ना और दंत चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के अवसरों में ब्रिटेन और भारत के बीच दीर्घकालिक साझेदारी का निर्माण करना है।
