
झाबुआ। अंतरवेलिया चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपलीया में मोटरसाईकिल को पीछे से पिकअप वाहन द्वारा जोरदार टक्कर मारी गई। जिससे मोटरसाईकिल पर सवार ग्रामीण महिला को गिरने से सिर पर गंभीर चोट पहुंची। दाहोद (गुजरात) में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में हुआ। बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त दुर्घटना 20 अक्टूबर, सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। ग्राम पिपलीया निवासी प्रमिला पति पींजू डामोर उम्र 42 वर्ष अपने पति पींजू के साथ मोटरसाईकिल क्रमांक एमपी-45, जेडबी-4511 पर सवार होकर ग्राम आमलीपठार से पिपलीया अपने घर लौट रहीं थी। तभी रास्ते में पीछे से तेज रफतार से आ रहे पिकअप वाहन ने मोटरसाईकिल को जोरदार टक्कर मारी। जिससे बाईक पर पीछे बैठी प्रमिला डामोर को वाहन से नीचे सड़क पर गिरने से सिर पर गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणजनों द्वारा पिकअप वाहन को खड़े करवाने के साथ चालक को भी पकड़ लिया गया। उधर गंभीर घायल प्रमिला डामोर को सिर पर गंभीर चोट पहुंचने से दाहोद (गुजरात) स्थित चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम हेतु सोमवार रात जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां 21 अक्टूबर, मंगलवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रमिला के 3 लड़के एवं 1 लड़की है। दुर्घटना में अंतरवेलिया चौकी पर मामला पंजीबद्ध कर आरोपी पिकअप चालक सहित वाहन को भी जप्ती में लिया गया है
