
उज्जैन। दीपावली की रात दिल दहलाने वाली घटना हो गई। बाइक टकराने की बात पर हुए विवाद के चलते करीब चार बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी। हत्यारों का मंगलवार शाम तक सुराग तो नहीं लगा, लेकिन हत्या करते हुए सीसीटीवी फुटेज जरूर सामने आया हैं। अब्दालपुरा निवासी 35 वर्षीय संदीप राठौर रात करीब 3 बजे साथी विकास के साथ बाइक से घर जा रहा था। उनके साथ एक बच्ची भी थी। इसी दौरान तेलीवाड़ा चौराहे के समीप संदीप ने बाइक रुकवाई और पीछे से अन्य बाइक से आए युवक को पीट दिया। उक्त युवक भागा और कुछ मिनट में 3-4 साथियों के साथ लौटा और संदीप पर हमला कर दिया। उसने संदीप को गले, पीठ और पेट पर चाकू मारे, जिससे वह गिर गया। मामले में कोतवाली टीआई डीबीएस तोमर ने बताया कि अज्ञात चार हत्यारों पर केस दर्ज कर उन्हें तलाश रहे हैं। संदीप पर हमला होते देख उसका साथी भाग गया। इधर हमले के बाद बदमाश दो बाइक पर सवार होकर चले गए, लेकिन फिर घायल की हालत देखने पहुंचे और उसे पड़ा देख लौट गए। इसके बाद संदीप का साथी आया। यह पूरा घटनाक्रम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। संदीप की मौत के बाद कोतवाली पुलिस ने फुटेज हासिल कर हमलावरों की शिनाख्त के प्रयास किए। लेकिन मंगलवार शाम तक उनका सुराग नहीं मिल सका।
