इंग्लैंड के खिलाफ हार के लिए वह जिम्मेदार: मंधाना

इंदौर, (वार्ता) भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने कहा कि महिला क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड के हाथों भारत की करीबी हार के लिए वह जिम्मेदार है।

मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत मे मांधना ने कहा, “सबने देखा कि एक कोलैप्स हुआ। मुझे लगता है कि हम सबने गलत शॉट सेलेक्शन किया, जो कि बेहतर हो सकता था। हालांकि यह मुझसे शुरू हुआ, इसलिए मैं अपने ऊपर इसकी जिम्मेदारी लेती हूं। हमें केवल छह रन प्रति ओवर की गति से रन बनाने थे। हम मैच को और डीप ले जा सकते थे। मैं इस हार की जिम्मेदारी लेती हूं क्योंकि विकेट पतन की शुरुआत मुझसे शुरू हुई।”

रविवार की रात भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के 288/8 के स्कोर का पीछा करते हुए, सात विकेट शेष रहते और छह रन प्रति ओवर की दर से जीत की ओर अग्रसर दिख रही थी, लेकिन बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना डीप में एलिस कैप्सी को कैच थमा बैठीं और उनकी टीम की लय बिगड़ गई।

अंतिम क्षणों में अमनजोत कौर और स्नेह राणा के संघर्षपूर्ण प्रयासों के बावजूद, लिंसे स्मिथ ने गेंद से संयम बनाए रखा और सुनिश्चित किया कि इंग्लैंड सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली तीसरी टीम बने और अगर भारत को नॉकआउट चरण में पहुंचना है तो उसे अभी बहुत मेहनत करनी होगी।

उन्होंने कहा मेजबान टीम को अब सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अपने बाकी बचे दोनों ग्रुप मैच जीतने होंगे। गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका अगला मुकाबला लगभग क्वार्टर फाइनल जैसा ही है।

मंधाना ने कहा, “निश्चित रूप से, शीर्ष चार में जगह बनाने के लिहाज से अगला मैच लगभग क्वार्टर फाइनल होगा और आप क्रिकेट आसान दिनों के लिए नहीं खेलते। हम सभी इसे सहजता से लेंगे। हम सभी जानते हैं कि हम कहां बेहतर कर सकते थे, कहां हमसे गलती हुई।”

उन्होंने कहा, “हम सभी ये सब जानते हैं और हां, जैसा कि मैंने कहा, अगर आप कोई खेल खेल रहे हैं, तो आपके अच्छे और बुरे दिन आते ही हैं। बात यह है कि आप उन बुरे दिनों का कैसे सामना करते हैं और आगे बढ़ते हैं और देखते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ हम अपना सर्वश्रेष्ठ कैसे कर सकते हैं।”

Next Post

जोनाथन क्रिस्टी, एन-से यंग ने जीता डेनमार्क ओपन बैडमिंटन का खिताब

Tue Oct 21 , 2025
ओडेंसे (डेनमार्क), (वार्ता) इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी और दक्षिण कोरिया की एन से-यंग ने बीडब्ल्यूएफ डेनमार्क ओपन में क्रमशः पुरुष और महिला एकल खिताब जीते। रविवार को पुरुष एकल फाइनल में चैंपियन चीन के शी युकी का सामना छठी वरीयता प्राप्त क्रिस्टी से हुआ। पहला गेम 13-21 से हारने के […]

You May Like