
भोपाल। दीपों के त्योहार दिवाली पर राजधानी भोपाल में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। बाग मुगालिया एक्सटेंशन स्थित गोधुलि पार्क में रहवासियों ने पेड़ों की आरती उतारकर उन्हें धन्यवाद दिया और हरियाली बचाने का संकल्प लिया। शंख-घंटियों की गूंज और दीपों की रौशनी के बीच लोगों ने प्रकृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
यह परंपरा कॉलोनी में पिछले सात वर्षों से निभाई जा रही है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। कॉलोनी के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने कहा कि जैसे डॉक्टर बीमारी के समय जीवन बचाते हैं, वैसे ही पेड़ हमें हर दिन जीवन देते हैं, इसलिए उनकी आरती उतारकर हम उनका आभार जताते हैं।
रहवासियों ने बताया कि सात वर्ष पहले यहां की चट्टानें हटाकर नीम, पीपल, आम, बरगद और अमरूद जैसे पेड़ लगाए गए थे, जो अब घने और हरे-भरे बन चुके हैं। कार्यक्रम में डॉ. आलम, इरफान खान सहित अनेक लोगों ने दीपक जलाकर पेड़ों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
