तन्वी शर्मा फाइनल में हारी, जीता ऐतिहासिक रजत

गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (वार्ता) भारत की तन्वी शर्मा का बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन रजत पदक के साथ समाप्त हुआ, क्योंकि 16 वर्षीय तन्वी शर्मा का जोशपूर्ण प्रयास रविवार को यहां नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लड़कियों के एकल फाइनल में थाईलैंड की अन्यापत फिचितप्रीचासाक को हराने के लिए पर्याप्त नहीं था।

फाइनल में, तन्वी को अन्यापत के खिलाफ 7-15, 12-15 से हार का सामना करना पड़ा और घरेलू मैदान पर भारत का अभियान एक व्यक्तिगत रजत और एक टीम कांस्य पदक के साथ समाप्त हुआ। तन्वी इस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाली पांचवीं भारतीय हैं, इससे पहले अपर्णा पोपट (1996), साइना नेहवाल (2006), सिरिल वर्मा (2015) और शंकर मुथुस्वामी (2022) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

लड़कों के एकल वर्ग के फाइनल में, चीन के लियू यांग मिंग यू ने इस साल की शुरुआत में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में मिली हार का बदला लेते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के मोहम्मद जकी उबैदिल्लाह को 15-10, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

तन्वी शुरुआती गेम में अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती दिखीं क्योंकि उन्होंने जल्दी-जल्दी अंक हासिल करने की कोशिश की, लेकिन कई गलतियां कर बैठीं। अन्यापत की फ्लैट पुश और फ्लिक टॉस को जल्दी समझने की क्षमता भी भारतीय खिलाड़ी के लिए मददगार साबित नहीं हुई और थाई खिलाड़ी ने 5-6 से लगातार सात अंक हासिल कर अच्छी बढ़त बना ली और फिर केवल नौ मिनट में गेम अपने नाम कर लिया।

भारतीय खिलाड़ी ने मैच के अंत में अपने स्ट्रोक्स खेलने में ज़्यादा सहजता दिखाई, क्योंकि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में पहली बार शॉर्ट सर्विस की और पहला शॉट गंवाने के बाद लगातार छह अंक हासिल किए।

लेकिन अन्यापत ने तुरंत अपनी रणनीति बदली और तन्वी को लंबी रैलियों में उलझाए रखा और धैर्यपूर्वक खेलते हुए भारतीय प्रतिद्वंदी से गलतियां करवाईं। वह एक बार फिर लगातार सात अंक हासिल करने में सफल रहीं और 12-8 के स्कोर पर चार अंकों की बढ़त बना ली।

तन्वी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, अपनी फ्लिक पुश और स्लो ड्रॉप्स से प्रतिद्वंद्वी को लगातार परेशान करती रहीं, लेकिन अन्यापत रैलियों में टिकी रहीं और आखिरकार स्टिक स्मैश लगाकर मैच का अंत किया, जिससे स्टेडियम में मौजूद भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों का दिल टूट गया।

तन्वी ने मैच के बाद कहा, “मैं सहज नहीं थी। मैच की शुरुआत से ही मैंने कई गलतियां कीं। दूसरे गेम में, मैं अपने स्ट्रोक्स खेलने में कामयाब रही, लेकिन 8-5 के स्कोर के बाद एक बार फिर मुझसे गलतियां हो गईं। इसके बाद, मेरी कोच ने मुझे खेलते रहने के लिए कहा और मैंने वैसा ही किया। लेकिन वह मेरे स्ट्रोक्स को बहुत अच्छी तरह से पढ़ रही थीं।”

चीन की तान के झुआन/वेई यू यू ने मलेशिया की ज़ी यू लो/नोराकिला मैसारा को 15-13, 19-17 से हराकर लड़कियों के युगल वर्ग का खिताब जीता, जबकि कोरिया की ली ह्योंग वू और चेओन हये इन ने चीनी ताइपे की हंग बिंग फू/चोउ युन एन को 15-9, 11-15, 15-10 से हराकर मिश्रित युगल वर्ग का खिताब जीता।

Next Post

अमेरिका में ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन में लाखों लोग सड़कों पर उतरे

Sun Oct 19 , 2025
न्यूयॉर्क/सैन फ्रांसिस्को, 19 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका में शनिवार को 2,700 शहरों और कस्बों में लाखों लोग राष्ट्रव्यापी ‘नो किंग्स’ विरोध प्रदर्शनों में सड़कों पर उतर आये। यह अमेरिकी इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन था। उल्लेखनीय है कि ‘नो किंग्स’ आंदोलन का यह दूसरा प्रदर्शन था। […]

You May Like

मनोरंजन