छतरपुर: छतरपुर के रामचरित मानस मैदान से रविवार दोपहर 2:30 बजे 10वीं बुंदेलखंडी कावड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। यह यात्रा पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई, जिसमें हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।यात्रा के दौरान कांवड़ियों में गहरा उत्साह और भक्ति भाव देखने को मिला। भगवा वस्त्रों में सजे श्रद्धालु, डमरू और भोलेनाथ के जयकारों के साथ जटाशंकर धाम की ओर रवाना हुए। यह कावड़ यात्रा सोमवार को श्री जटाशंकर धाम पहुंचेगी, जहाँ श्रद्धालु पवित्र जल अर्पित करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा
“हम हर वर्ष यह कावड़ यात्रा निकालते हैं और इस बार भी लोगों में अपार उत्साह देखने को मिला है। चाहे बच्चे हों, बुजुर्ग हों, महिलाएं या युवतियां—हर कोई इस यात्रा में शामिल होकर 60 किलोमीटर पैदल चलने को तैयार है। लोगों का यही प्रेम और आस्था हमें यह कार्य करने की प्रेरणा देता है। इसी में जीवन की सार्थकता छिपी है।”
कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व स्वास्थ्य की दृष्टि से प्रशासन द्वारा उचित प्रबंध किए गए हैं। मार्ग में विश्राम स्थलों, प्राथमिक चिकित्सा और पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।
