
ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान की एनएसएस इकाइयों 1 और 2 के स्वयंसेवकों ने आठवे राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, थाटीपुर, काल्पी पुल में कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य संतुलित आहार, आहार – विविधता और सूक्ष्मपोषकों के महत्व की विद्यार्थियों में वैज्ञानिक और सामान्य समझ विकसित करना था, साथ ही स्थानीय, मौसमी और किफायती खाद्य विकल्पों के माध्यम से कुपोषण-निवारण के व्यावहारिक उपाय सुझाना। सत्र में पोषण थाली की संकल्पना को खाद्य समूहों, जैसे अनाज, दाल, दूध, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, रंग-बिरंगे फल और बीज युक्त आहार के उदाहरणों के साथ समझाया गया। विद्यार्थियों ने गतिविधि-आधारित अभ्यासों के माध्यम से भाग-नियंत्रण, “इंद्रधनुषी थाली” का सिद्धांत, तथा लौह, फोलिक अम्ल और विटामिन ए जैसे सूक्ष्मपोषकों की भूमिकाएँ समझीं। एनीमिया-रोधी आहार, मोटे अनाज का समावेश, स्वच्छता और हाथ धुलाई, सुरक्षित पेयजल, और विद्यालयीन आयु-वर्ग की विशेष पोषण आवश्यकताओं पर भी चर्चा हुई। स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों के साथ सक्रिय संवाद किया और उनके भोजन से संबंधित संदेहों का निवारण किया। कार्यक्रम संचालन वरिष्ठ स्वयंसेवक रोहित गौड़, कृष्णा अग्रवाल, प्रियांशु, अनुराग सिंह एवं दुष्यंत शर्मा ने किया।
