
नर्मदापुरम। रबी सीजन की सिंचाई को लेकर नर्मदापुरम जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें नहरों से जल प्रवाह शुरू करने की संभावित तिथियां तय की गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हरदा जिले हेतु बायीं तट मुख्य नहर से जल प्रवाह 1 नवंबर, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा से 3 नवंबर, तवा परियोजना संभाग इटारसी से 4 नवंबर और पीबीसी संभाग सोहागपुर से 10 नवंबर 2025 से शुरू किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि इन तिथियों पर अंतिम निर्णय नर्मदापुरम संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक के बाद लिया जाएगा।
जल संसाधन विभाग के ईई ने जानकारी दी कि तवा जलाशय में 100 प्रतिशत (1949 एमसीएम) जल संग्रहण उपलब्ध है, जिससे रबी फसलों की सिंचाई सुचारू रूप से की जा सकेगी।
कलेक्टर ने नहरों के मरम्मतीकरण और जल प्रबंधन के कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे, सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम राजीव रंजन पांडे सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।
