
ग्वालियर।माधव प्लाजा की मल्टी में एक महिला ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 5वीं मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने सीढ़ी की रेलिंग से दुपट्टे को बांधकर फंदा बनाया और फिर उस पर झूल गई।
ये घटना शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित माधव प्लाजा की है। यहां सफाई करने आई महिलाओं ने सबसे पहले महिला के शव को लटका देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना प्लाजा के गार्ड को दी। गार्ड ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
महिला का 3 साल पहले हुआ था तलाक
पुलिस जांच में महिला की पहचान गिरवाई थाना क्षेत्र निवासी रीता तोमर (34) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर रीता के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि रीता का तीन साल पहले अपने पति से तलाक हो गया था और वह मायके में रह रही थी।
परिजन के अनुसार, तलाक के बाद से रीता डिप्रेशन में थी और उसका मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया था। परिजन ने बताया कि रीता गुरुवार रात करीब 8 बजे बिना बताए घर से निकल गई थी। परिजन ने पूरी रात उसकी तलाश की थी, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। परिजन ने गिरवाई थाने में रीता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
गार्ड ने जानकारी होने से इनकार किया
माधव प्लाजा के गार्ड जसवंत ने बताया कि प्लाजा के अंदर कुल पांच गार्ड है, दो गार्ड की ड्यूटी सुबह है और तीन गार्ड रात में ड्यूटी करते हैं। महिला प्लाजा के अंदर कैसे पहुंची और उसने कैसे फांसी लगाई उसे पता नहीं है। गार्ड का कहना है कि सफाई करने वाली महिलाओं ने उस महिला को फांसी पर लटके होने की सूचना दी थी।
मामले की जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि गार्ड ने सूचना दी थी कि एक महिला प्लाजा की पांचवी मंजिल पर फांसी पर लटकी हुई है। सूचना पर वह थाने के बल के साथ मौके पर पहुंची थी। साथ में फोरेंसिक एक्सपर्ट भी पहुंचे थे। महिला तलाकशुदा थी, कल रात वह घर पर बिना बताए निकल आई थी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
