जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत नागा घाटी शारदा मंदिर के पास सोमवार रात नागा घाटी शारदा मंदिर के पास मंगलायतन कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक अर्टिगा कार को तेज रफ्तार ट्राला ने रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्राला कार को घसीटते हुए ले गया। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कार में पीछे बैठा एक अन्य सवार सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कार सवार परिवार रायपुर में एक सगाई कार्यक्रम से वापिस लौट रहा था ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अर्टिगा गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे। कार सवार परिवार छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक सगाई समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बरेला थाना क्षेत्र के नागा घाटी के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे ट्राला ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के अनुसार, इस सडक़ हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान राजेश शर्मा के रूप में हुई है, जो सीधी जिले के कमर्जी गांव के रहने वाले थे।
पिचकी कार, उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा कार और ट्राला दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों के परखच्चे उड़ गए । कार बुरी तरह पिचक गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बरेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई थी ।
जेसीबी से अलग करने पड़े वाहन, लगा लंबा जाम
दोनों गाडिय़ां आपस में इस कदर फंस चुकी थीं कि उन्हें अलग करने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। जेसीबी के जरिए वाहनों को सडक़ से हटाकर घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया। हादसे के कारण जबलपुर-मंडला मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
एक यात्री को खरोंच भी नहीं आई
कार की पिछली सीट पर बैठे एक यात्री को खरोंच तक नहीं आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्लैक स्पॉट बना नागा घाटी, लापरवाही पड़ रही भारी
शारदा मंदिर नागा घाटी और मंगलायतन कॉलेज के सामने का यह मुख्य मार्ग लंबे समय से डेंजर जोन और ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। इस मोड़ पर आए दिन भीषण हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन द्वारा यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। अनदेखी और लापरवाही का खामियाजा आज एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को भुगतना पड़ा।
13 जून को जिंदा जल गए थे दो
13 जून को बरेला थाना अंतर्गत प्रसिद्ध शारदा मंदिर के पास नागा घाटी पर रेत से लदे एक तेज रफ्तार हाईवा और स्कार्पियो में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के कुछ ही सेकेंड के भीतर स्कार्पियो में भयंकर आग लग गई थी वह आग का गोला बन गई थी। इस दिल दहला, रोंगटे खड़े कर देने वाले सडक़ हादसे में स्कार्पियो सवार दो लोग जिंद जल गए थे।
