वाशिंगटन, 17 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के मकसद से हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।
श्री ट्रम्प ने गुरुवार को सोशल मीडिया ट्रुथ पर कहा, “मैंने अभी-अभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत पूरी की है और यह बहुत ही उपयोगी रही। हमने यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त होने के बाद के रूस और अमेरिका के बीच व्यापार पर भी काफी चर्चा की।”
उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति पुतिन और मैं बुडापेस्ट, हंगरी में एक तय जगह पर मिलेंगे और देखेंगे कि क्या हम रूस और यूक्रेन के बीच इस ‘अपमानजनक’ युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।”
विदित हो कि फ़ोन पर हुयी यह बातचीत, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की की अमेरिका की निर्धारित यात्रा से एक दिन पहले हुई।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश अगले सप्ताह एक उच्च-स्तरीय सलाहकार बैठक आयोजित करने पर सहमत हुए हैं, जिसमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक का स्थान अभी तय किया जाना है।
अमेरिकी और रूसी राष्ट्रपति अगस्त में अलास्का में मिले थे लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया था।

