भोपाल की बेटियाँ राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में मप्र का मान बढ़ाएंगी

भोपाल। 31 अक्टूबर को गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में भोपाल की बेटियाँ मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएँगी।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट ईदगाह हिल्स स्कूल, भोपाल की बालिका टीम ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्तर पर देश में दूसरा स्थान हासिल किया। इसी टीम को केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया है।

इस कार्यक्रम में बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त राजस्थान की टीम भी शामिल होगी। दोनों टीमें प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में प्रस्तुति देंगी। यह कार्यक्रम लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

30 बालिकाओं की टीम, उनके प्रशिक्षक रसिक नागर पांडेय के नेतृत्व में, 23 अक्टूबर को गुजरात के लिए रवाना होगी। प्रस्तुति में हिन्दी, गुजराती, अंग्रेजी, स्पेनिश और जर्मन धुनें शामिल होंगी। स्कूल की प्राचार्य सिस्टर लिली ने बताया कि टीम पिछले 15 दिन से इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों में लगी हुई है और इसमें शामिल होना स्कूल, भोपाल और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है।

Next Post

राजस्थान की विकास यात्रा से प्रवासी राजस्थानियों को कराएं अवगत - भजनलाल

Thu Oct 16 , 2025
जयपुर, 16 अक्टूबर (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानी दिवस (10 दिसंबर) का आयोजन राजस्थान की ऐतिहासिक और वैभवशाली धरोहर की थीम पर करने एवं राजस्थान की विकास यात्रा से प्रवासी राजस्थानियों को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। श्री शर्मा ने आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित […]

You May Like