भोपाल। मध्यप्रदेश में करीब 10 साल बाद सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से मंत्रालय में खुशी का माहौल देखने को मिला। बुधवार को कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों, फूलों और गुलदस्तों के साथ उनका स्वागत किया। कर्मचारियों ने लंबे समय से रुकी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जिन विभागों और जिलों में अभी तक पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां भी जल्द प्रमोशन किए जाएं। कर्मचारियों का कहना था कि कई अधिकारी और कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए सभी पात्र कर्मचारियों को जल्द इसका लाभ मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि सरकार सभी विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र अधिकारी या कर्मचारी को पदोन्नति के लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा और जहां प्रक्रिया लंबित है, वहां भी जल्द आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाएगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है।
