कोलकाता दुष्कर्म कांड पूर्व नियोजित साजिश का नतीजा: पुलिस

कोलकाता, 30 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल में शहर के ‘लॉ कॉलेज’ में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार चार लोगों में से तीन ने इसकी सुनियोजित योजना बनायी थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आज यह जानकारी दी। जांचकर्ताओं के अनुसार मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा कई दिनों से युवती पर यौन संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। मोनोजीत पूर्व छात्र नेता है और वकील है। लड़की के लगातार इनकार करने पर मोनोजीत ने कथित तौर पर ‘बदला लेने’ के लिए 25 जून को उस पर हमला किया।

विशेष जांच दल (एसआईटी) के एक अधिकारी ने कहा, “ पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। आरोपी कई दिनों से इस हमले की साजिश रच रहे थे। हमारी जांच से पता चला है कि पीड़िता को कॉलेज में दाखिला लेने के समय से ही मोनोजीत ने निशाना बनाया था। ”

पुलिस के अनुसार मोनोजीत ने लॉ छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, जबकि सह-आरोपियों प्रमित मुखर्जी और जयिब अहमद ने कथित तौर पर अपराध की फिल्म बनायी थी। वीडियो को उनके ‘निजी समूह’ में दिखाया गया और पीड़िता को चुप रहने के लिए भी डराया-धमकाया गया था।

अधिकारी ने कहा,“ आरोपियों ने पहले भी इसी तरह से लोगों को धमकाने के लिए वीडियो साक्ष्य का उपयोग करने का तरीका अपनाया था। ”

उन्होंने कहा, “ लेकिन इस बार उनकी रणनीति विफल रही। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख मोनोजीत ने पीड़िता की हरकतों पर नज़र रखने के लिए अपने सहयोगियों को भेजा। गुरुवार को उन्हें बताया गया कि पीड़िता ने आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज करायी है। ”

जांच से पता चला है कि मोनोजीत से जुड़ी यह ऐसी पहली घटना नहीं थी। जिस गार्ड रूम में पीड़िता पर हमला हुआ था, उसका इस्तेमाल पहले भी कई बार इसी तरह की हरकतों के लिए किया जा चुका है, क्योंकि यह जगह सीसीटीवी की निगरानी में नहीं है।

एसआईटी ने कम से कम एक और पीड़िता की पहचान की है, जिसका दावा है कि मोनोजीत ने उसी स्थान पर उसका यौन शोषण किया था। पुलिस ने कल वीडियो साक्ष्य की तलाश में मुखर्जी और अहमद के घरों पर छापा मारा। अधिकारी ने कहा, “ हम इस मामले और संभावित रूप से अन्य युवतियों से संबंधित फुटेज की तलाश कर रहे हैं। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या ये वीडियो निजी समूह से परे साझा किये गये थे। ”

घटना के बाद कथित तौर पर मोनोजीत ने एक राजनीतिक व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसने पहले भी उसे कानूनी शिकंजे से बाहर निकालने में मदद की थी। इस बार उस नेता ने हालांकि हस्तक्षेप नहीं किया। पुलिस अब तीनों मुख्य आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है, ताकि उससे किसी भी प्रभावशाली संबंध का पता लगाया जा सके, जिसके कारण मोनोजीत पहले भी ऐसे अपराधों से बचने में सफल रहा ।

पुलिस के मुताबिक जांच के आगे बढ़ने के साथ मोनोजीत के आपराधिक इतिहास का पता चला। वह कोलकाता पुलिस में दर्ज कम से कम 24 अलग-अलग मामलों में आरोपी है। इनमें कालीघाट इलाके में 2022 का दुष्कर्म का मामला और धमकी तथा मारपीट एवं धोखाधड़ी के कई आरोप शामिल हैं। 2014 में भवानीपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक प्राथमिकी के मुताबिक उस पर कॉलेज में दाखिला दिलाने के बहाने रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया था। 2023 में उस पर कस्बा इलाके में एक महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया था।

हाल ही में मार्च 2025 में वह कथित तौर पर एक पुलिस स्टेशन में घुस गया और पुलिस एवं वकील समूहों के बीच झड़प के दौरान गिरफ्तार किये गये अपने एक सहयोगी को रिहा करने से इनकार करने पर पुलिस अधिकारियों को धमकाया। पिछले कुछ वर्षों में कई बार गिरफ्तार होने के बावजूद मोनोजीत हमेशा जमानत मंजूर कराने में कामयाब रहा।

 

 

Next Post

भारी बारिश और जलभराव से कोलकाता मेट्रो रेल सेवाएं प्रभावित

Mon Jun 30 , 2025
कोलकाता, 30 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारी बारिश और जलभराव के कारण मध्य और दक्षिणी नेटवर्क के कुछ हिस्सों में आज मेट्रो रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। सूत्रों ने बताया कि दक्षिण में कवि सुभाष से मैदान स्टेशन और दक्षिणेश्वर से गिरीश पार्क स्टेशन तक मेट्रो सेवायें […]

You May Like