सतना : सब्जी मण्डी और बाजार क्षेत्र में घूमकर रेकी करते हुए दोपहिया वाहन चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से आधा दर्जन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई. जब्त दोपहिया वाहनों की कामत 4.40 लाख रुपए बताई गई.कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार धवारी मल्लहान टोला निवासी अमित कुमार पचौरी 5 अक्टूबर की सुबह 11 बजे भुजवा टोला के निकट स्थित सब्जी मण्डी में सब्जी लेने के लिए पहुंचे थे. अपनी होण्डा शाइन को खड़ी करने के बाद वे सब्जी लेने के लिए चले गए.
कुछ देर बाद जब वे सब्जी लेकर वापस लौटे तो देखा बाइक नदारद थी. आसपास मौजूद लोगों से पूछने के बावजूद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो अमित ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में कर दी. पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए एक ओर जहां मुखबिरों जरिए जानकारी जुटानी शुरु की वहीं दूसरी ओर सीसीटीवी फुटेज जांचे गए. फुटेज के जरिए संदिग्ध नजर आने पर मिलान करने के बाद एक युवक को दबोच लिया गया. पूछताछ के जरिए युवक की पहचान राजपाल रजक उम्र 24 वर्ष निवासी अमानगंज पन्ना के तौर पर हुई. वह शहर के मुख्त्यारगंज क्षेत्र में रह रहा था.
राजपाल ने पुलिस को बताया कि मोहित विश्वकर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी आजाद चौक सब्जी मण्डी के पीछे के साथ मिलकर दो पहिया वाहनों की चोरी करता है. जिसके चलते पुलिस ने मोहित को भी दबोच लिया. दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा चुराए गए दोपहिया वाहनों को नारायण तालाब बसोर बस्ती निवासी भाले बसोर को बेच दिया है. लिहाजा पुलिस ने दोनों आरोपियों की तस्दीक पवर भाूल बसोर के घर से 6 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कर ली. जब्त किए गए दोपहिया वाहनों की कीमत 4 लाख 40 हजार रु बताई गई. जबकि इसी दौरान तीसरा आरोपी भोलू बसोर एक मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग गया. जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
