मोरक्को में एसपीजीसीएल की खनिज प्रसंस्करण इकाई में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) श्री प्रियंका जियो कॉमेक्स लिमिटेड (एसपीजीसीएल) ने मोरक्को में अपनी खनिज प्रसंस्करण इकाई में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। यह इकाई ग्रैविटी आधारित पृथक्करण प्रक्रिया के जरिये बैराइट की गुणवत्ता और ग्रेड में सुधार के लिए स्थापित की गई है। पूरी क्षमता पर यह इकाई सालाना करीब 72,000 टन कच्चे बैराइट का प्रसंस्करण कर सकेगी।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि यह इकाई शुरू होने से मोरक्को में उसके खनिज परिचालन में खनन और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति के बीच एक महत्वपूर्ण प्रसंस्करण चरण जुड़ गया है। ग्रैविटी आधारित पृथक्करण के जरिये आपूर्ति श्रृंखला में आगे भेजे जाने से पहले बैराइट की गुणवत्ता और ग्रेड में सुधार किया जाएगा। इससे कंपनी को केवल कच्चे माल के निष्कासन और आपूर्ति पर निर्भर रहने की बजाय खनिज मूल्य श्रृंखला में प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन की भूमिका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

एसपीजीसीएल के पूर्णकालिक निदेशक वीर विक्रम नुथलापति ने कहा कि मोरक्को में खनिज प्रसंस्करण इकाई में वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत कंपनी के एकीकृत खनिज परिचालन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह सुविधा कंपनी को बैराइट की गुणवत्ता और ग्रेड में सुधार करने तथा प्रसंस्करण और आपूर्ति पर बेहतर नियंत्रण हासिल करने में सक्षम बनाएगी। इससे अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए गुणवत्ता और आपूर्ति में निरंतरता सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

कंपनी ने साल 2025 में मोरक्को में अपना खनिज कारोबार शुरू किया था। इनमें बैराइट और तांबा खदानों का आवंटन, बैराइट खदान से वाणिज्यिक उत्पादन, तांबे के अन्वेषण कार्य तथा घरेलू कैबोटेज परिचालन की शुरुआत शामिल हैं। इन गतिविधियों के साथ एसपीजीसीएल मोरक्को में खनिज मूल्य श्रृंखला के विभिन्न चरणों में परिचालन कर रही है। इसमें खनन, प्रसंस्करण, बंदरगाह लॉजिस्टिक्स और कैबोटेज, पोत चार्टरिंग तथा अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को आपूर्ति शामिल है।

.....

Next Post

शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 243 अंक फिसला

Tue Sep 29 , 2026
मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 243 अंक टूट गया। सेंसेक्स लाल निशान में खुला और शुरुआती कारोबार में ही करीब 708 अंक लुढ़क गया था। अंत में यह 242.65 अंक (0.33 प्रतिशत) नीचे 72,529.07 अंक पर […]

You May Like