जबलपुर: खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत गरुड़ दलों द्वारा बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई में कई प्रतिष्ठानों से संदिग्ध और दूषित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस भी निलंबित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे के अनुसार, निरीक्षण के दौरान शोभापुर स्थित बंगाली होटल से 50 किलोग्राम दूषित खोवा और 30 किलोग्राम एक्सपायरी नमकीन, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बागेश्वर ट्रेडर्स से 20 किलोग्राम दूषित पनीर जब्त कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। इसके अलावा, सदर स्थित मां रेवा स्वीट्स में गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य निर्माण, भंडारण और विक्रय पाया गया, जिसके चलते प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, पंजीयन निलंबन की अवधि में खाद्य विक्रय पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नमूने किए एकत्र, हो रही मिलावट की जांच
गरुड़ दलों ने निरीक्षण के दौरान रांझी, कांचघर, लालमाटी, शोभापुर, ट्रांसपोर्ट नगर, सदर, नौदरा ब्रिज, भेड़ाघाट, रामपुर और पेंटीनाका जैसे क्षेत्रों में स्थित प्रतिष्ठानों से खोवा, पनीर, मिठाइयों व नमकीन के नमूने भी एकत्र किए हैं। मौके पर ही खोवा, पनीर जैसे दुग्ध उत्पादों में स्टार्च, यूरिया, डिटर्जेंट और वनस्पति मिलावट की रासायनिक जांच की जा रही है। यदि किसी उत्पाद में मिलावट पाई जाती है तो उसे जब्त कर नष्ट किया जाता है और संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाती है।
