हरियाणा सरकार तमाशा बंद करे, वाई.पूरन कुमार आत्महत्या मामले में वादा निभाये: राहुल

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी वाई. पूरन कुमार के परिवार से यहां मुलाकात के बाद हरियाणा सरकार पर वादाखिलाफी और पीड़ित परिजनों पर दबाव डालने के आरोप लगाये।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि जिन अधिकारियों पर आरोप लगे हैं, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाये और परिजनों के लिए न्याय एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाये।
श्री गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद परिवार से जो वादे किये थे, वे अब तक पूरे नहीं किये हैं। उन्होंने कहा, “जिन्होंने अपने पिता को खोया है, उन पर बहुत दबाव है। यह दलित परिवार है और इनके साथ वर्षों से भेदभाव होता रहा है। ”
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलित भाई–बहनों से जुड़ा सवाल है। आज ग़लत संदेश जा रहा है कि कोई भी कितना ही काबिल हो, फिर भी उत्पीड़न किया जाता है।
श्री गांधी ने कहा कि सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा, “ आपने बच्चियों से जो वादा किया था, उसे पूरा कीजिए, यह तमाशा बंद कीजिए।”
गौरतलब है कि श्री पूरन कुमार ने उनके साथ भेदभाव किये जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में हरियाणा के 14 वरिष्ठ अधिकारियों पर भेदभाव करने के आरोप लगाये थे।

Next Post

कृषि से शिक्षा तक राहत पैकेज: किसानों को भावान्तर से लाभ तो SC/ST/ OBC के कोचिंग वाले छात्रों को एक हजार

Tue Oct 14 , 2025
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों और विद्यार्थियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को नुकसान न हो, यह सरकार की जिम्मेदारी है।बैठक में तय किया गया कि भावान्तर भुगतान योजना के तहत सोयाबीन की खरीदी […]

You May Like