हवाई माल परिवहन अप्रैल में चार प्रतिशत बढ़ा

जिनेवा, 28 मई (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के बीच अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन में अप्रैल में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गयी। अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) की गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कार्गो टन-किलोमीटर में मापा जाने वाला हवाई माल परिवहन पिछले साल अप्रैल की तुलना में इस साल अप्रैल में चार प्रतिशत बढ़ गया। यह बढ़ोतरी इस तथ्य के बावजूद दर्ज की गयी है कि इस दौरान क्षमता में 0.4 प्रतिशत की गिरावट रही। हालांकि पश्चिम एशिया के कई देशों में हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के कारण अंतर्राष्ट्रीय हवाई माल परिवहन क्षमता 0.9 प्रतिशत घट गयी। गत 28 फरवरी को शुरू हुए पश्चिम एशिया संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते जहाजों की आवाजाही लगभग रुक गयी है।

इससे कुछ वस्तुओं का व्यापार हवाई मार्ग की तरफ स्थानांतरित हो गया। आयटा के महानिदेशक विली वॉल्श ने कहा कि एयर कार्गो की मांग में बढ़ोतरी का मुख्य कारण एशिया से जुड़े व्यापार प्रवाह में मजबूती रही। लेकिन यह सकारात्मक खबर एक अधिक जटिल परिचालन वातावरण को भी दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण खाड़ी के प्रमुख केंद्रों पर गंभीर व्यवधान जारी रहा, जिसने व्यापार मार्गों को बदल दिया और महत्वपूर्ण मार्गों पर क्षमता को सीमित कर दिया। समर्पित मालवाहक विमानों ने इस वृद्धि में बड़ा योगदान दिया। आने वाले महीनों में यह भी देखना होगा कि लगातार जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और बढ़ती परिचालन लागतों के बीच क्या स्थिति रहती है।”

एशिया प्रशांत क्षेत्र में क्षमता 5.3 प्रतिशत और वास्तविक माल ढुलाई 10.5 प्रतिशत बढ़ी। वहीं, पश्चिम एशिया में क्षमता में 22.9 प्रतिशत और वास्तविक माल ढुलाई में 18.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। अफ्रीका में क्षमता 9.4 प्रतिशत घटने के बाद भी हवाई माल परिवहन 7.7 प्रतिशत बढ़ा है। यूरोप में ये आंकड़े क्रमशः तीन प्रतिशत और छह प्रतिशत बढ़े हैं और उत्तर अमेरिका में क्षमता 1.2 प्रतिशत तथा माल ढुलाई पांच प्रतिशत बढ़ी। लातिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों में क्षमता 1.2 प्रतिशत बढ़ने के बावजूद वास्तविक हवाई माल परिवहन 2.8 प्रतिशत घट गया है।

.....

Next Post

इस जून से ज़ी सिनेमा लेकर आ रहा है 40 से ज्यादा प्रीमियर्स का धमाकेदार लाइनअप

Thu May 28 , 2026
मुंबई, 28 मई (वार्ता) इस समर सीज़न को ब्लॉकबस्टर जश्न में बदलते हुए ज़ी सिनेमा लेकर आ रहा है 40 से ज्यादा बड़े प्रीमियर्स का मेगा लाइनअप, जहाँ दर्शकों को धमाकेदार एक्शन, दिलचस्प कहानियाँ और एक के बाद एक नए प्रीमियर्स का नॉन-स्टॉप एंटरटेनमेंट मिलेगा। इस धमाकेदार लाइनअप की शुरुआत […]

You May Like