खरीफ रकबा बढ़ा, आलू, प्याज और टमाटर की बुवाई बेहतर

नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) इस साल खरीफ फसलों की बुवाई पिछले साल की तुलना में 6.51 लाख हेक्टेयर अधिक दर्ज की गयी है। इसके अलावा आलू, प्याज और टमाटर का रकबा भी बीते साल से बेहतर बना हुआ है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। श्री चौहान यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में कृषि क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि खरीफ की बुवाई का कुल क्षेत्र 1121.46 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है, जबकि बीते साल यह 1114.95 लाख हेक्टेयर था। गेहूं, धान, मक्का, गन्ना और दलहन की बुवाई वर्ष 2024-25 की तुलना में अधिक हुई है। बैठक में यह जानकारी भी सामने आयी कि उड़द के रकबे में शानदार बढ़ोत्तरी हुई है। इस दलहन के क्षेत्रफल में 1.50 लाख हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी हुई है। उड़द का रकबा 22.87 से बढ़कर 24.37 लाख हेक्टेयर हो गया है।
बैठक में बताया गया कि टमाटर और प्याज की बुवाई बढ़िया चल रही है। वर्ष 2024-25 की तुलना में प्याज का रकबा 3.62 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.91 लाख हेक्टेयर हो गया है, वहीं आलू का रकबा 0.35 लाख हेक्टेयर की तुलना में 0.43 लाख हेक्टेयर हो गया है। टमाटर की बुवाई का क्षेत्रफल पिछले वर्ष समान अवधि में 1.86 लाख हेक्टेयर था, जो इस वर्ष बढ़कर 2.37 लाख हेक्टेयर हो गया है।
श्री चौहान को अधिकारियों ने देश में जलाशयों की मौजूदा स्थिति की जानकारी देते हुये कहा कि जलाशयों की स्थिति पिछले वर्ष से बेहतर है। कुल 161 जलाशयों में उपलब्ध संग्रहण पिछले वर्ष की इसी अवधि के संग्रहण का 103.51 प्रतिशत और पिछले दस वर्षों के औसत संग्रहण का 115 प्रतिशत है।
बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री ने उर्वरक उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आगामी दिनों में सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

Next Post

बौद्ध भिक्षु 19वें कुशोक बकुला रिनपोछे के लद्दाख को है सरकार से मरहम का इंतजार : कांग्रेस

Mon Oct 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि जिस मंगोलिया के राष्ट्रपति उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में है वहां के लोगों में लद्दाख के बौद्ध भिक्षु 19वें कुशोक बकुला रिनपोछे अत्यंत लोकप्रिय हैं लेकिन उनका लद्दाख इन दिनों उद्वेलित है और सरकार से […]

You May Like