
भोपाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तात्या टोपे जिले के महावीर नगर स्थित शिवाजी बस्ती में रविवार को भव्य पथ संचलन निकाला गया। लिंक रोड नंबर 2 स्थित हनुमान मंदिर और बाल उद्यान से प्रारंभ हुआ यह संचलन अर्जुन नगर, सरस्वती शिशु मंदिर, दुर्गा नगर, 106 की लाइन और पांच नंबर क्षेत्र से होता हुआ पुनः बाल उद्यान पर सम्पन्न हुआ।
इस दौरान 177 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में ढाई किलोमीटर तक अनुशासित कदमताल करते हुए शामिल हुए। पथ संचलन में अनुशासन, राष्ट्रभावना और संगठन शक्ति का प्रेरक प्रदर्शन देखने को मिला।कार्यक्रम में जिला प्रचारक धर्मेंद्र सोनकिया ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष समाज परिवर्तन की संकल्प यात्रा है, जो आत्मपरिवर्तन से समाज परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है। मुख्य अतिथि के रूप में आयरनमैन और सहनशक्ति कोच प्रवीण सपकाल उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों के उत्साह और अनुशासन की सराहना की।
आयोजन की अध्यक्षता अधिवक्ता एवं नगर कार्यवाह मथुरा प्रसाद राजपूत ने की। पथ संचलन के दौरान नागरिकों ने सड़कों के दोनों ओर खड़े होकर स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ स्वागत किया। वातावरण देशभक्ति के गीतों और राष्ट्रभावना से गूंज उठा।
