छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ दो दिवसीय दौरे पर रविवार को छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने परासिया में जहरीला कफ सीरप पीने से हुई बच्चों की मौत के मामले में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। कमलनाथ ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से हुई हत्याएं हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों का दर्द देखकर उनकी आंखें भर आईं, यह पूरे प्रदेश के लिए गहरी चिंता का विषय है।
कमलनाथ ने प्रेस वार्ता में कहा कि जिन दवाइयों की टेस्टिंग होनी चाहिए थी, वह सरकार ने कभी कराई ही नहीं। पता नहीं ऐसी कितनी और दवाइयां हैं जो अभी भी बाजार में बिक रही हैं। यदि समय पर कार्रवाई होती तो इतने मासूमों की जान नहीं जाती।मुआवजे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात की है और सरकार से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवारों को अधिक आर्थिक सहायता दी जाए।
कमलनाथ ने कहा कि मेरी तरफ से जो भी संभव होगा, मैं वह करूंगा।उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की बड़ी चूक और लापरवाही का परिणाम है, जिसने छिंदवाड़ा सहित पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। वहीं, जहरीला कफ सीरप पीने से प्रदेश में अब तक 25 बच्चों की मौत हो चुकी है, जिसको लेकर विपक्ष लगातार सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है।
